पांवटा साहिब में नशे के खिलाफ SIU का बड़ा एक्शन: 243 ग्राम अफीम के साथ दो गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने नशे के सौदागरों पर नकेल कसते हुए पांवटा साहिब के बेहड़ेवाला रोड पर बड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो युवकों को भारी मात्रा में अफीम के साथ दबोचा है, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

जानकारी के अनुसार, SIU टीम पांवटा साहिब में गश्त पर थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि बेहड़ेवाला रोड पर एक मोटरसाइकिल (HP17E-5518) पर सवार तीन व्यक्ति मादक पदार्थों की खेप के साथ मौजूद हैं। सूचना यह भी थी कि ये आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में अफीम बेचने का धंधा कर रहे हैं। पुलिस ने बिना समय गंवाए मौके पर दबिश दी।

पुलिस की सरकारी गाड़ी को देखते ही मोटरसाइकिल सवार तीनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और दो आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान चरणजीत सिंह और सूरज (दोनों निवासी शुभखेड़ा, पांवटा साहिब) के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 243.59 ग्राम अफीम बरामद की गई।

इस कार्रवाई के दौरान अंधेरे या भीड़ का लाभ उठाकर तीसरा आरोपी, जिसकी पहचान हरपाल सिंह के रूप में हुई है, भागने में सफल रहा। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड हासिल कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसके तार और किन-किन तस्करों से जुड़े हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।