पांवटा साहिब में रफ्तार का कहर: मंदिर से लौट रही महिला को ट्रक ने कुचला

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक नगर पांवटा साहिब में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बुधवार सुबह बद्रीपुर चौक के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 58 वर्षीय महिला की जान चली गई। महिला शिव मंदिर में माथा टेककर अपने घर लौट रही थी, तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान शोभना (58) पत्नी राकेश, निवासी बद्रीपुर जग्गा गली, पांवटा साहिब के रूप में हुई है। चश्मदीदों ने बताया कि बुधवार सुबह जब शोभना गुरु गोविंद सिंह जी चौक के समीप सड़क पार कर रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को नागरिक अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत हायर सेंटर (पीजीआई) रेफर कर दिया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ कुलवंत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि “पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।”

बद्रीपुर चौक पर लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय जनता में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की अनियंत्रित गति और यातायात व्यवस्था में चूक के कारण आए दिन मासूम लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि भीड़भाड़ वाले चौकों पर यातायात नियमों को सख्ती से लागू किया जाए।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।