नाहन : उपमंडल पांवटा साहिब के कोटड़ी ब्यास गांव से एक अत्यंत हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक 6 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार, महिला के पहले से ही दो पुत्र हैं। परिजनों ने बताया कि महिला को पिछले कल से सीने में दर्द (चेस्ट पेन) की शिकायत हो रही थी, लेकिन इसे सामान्य दर्द समझकर वे घर पर ही उपचार करते रहे। समय पर चिकित्सकीय सहायता न मिलना अंततः घातक साबित हुआ और जब स्थिति बहुत बिगड़ गई, तब परिजन उसे अस्पताल लेकर निकले।
महिला को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। अस्पताल की वरिष्ठ डॉक्टर सुधि गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला को मृत अवस्था (ब्रॉट डेड) में लाया गया था। इस दुखद घटना में महिला के साथ-साथ उसके गर्भ में पल रहे 6 माह के बच्चे की भी मृत्यु हो गई है। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक दृष्टि में मौत की वजह हृदय घात (हार्ट अटैक) बताई जा रही है।

फिलहाल, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डॉक्टर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी कि मौत की असली वजह क्या थी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक संतप्त कर दिया है और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की एक गंभीर चेतावनी भी दी है।