नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत सालवाला-डोबरी पंचायत में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ स्थित एक स्टोन क्रशर प्लांट में कार्यरत विकास (19 वर्षीय) नामक युवक की मशीनरी की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विकास ड्यूटी पर तैनात था और अचानक काम के दौरान उसका शरीर मशीन के घातक पुर्जों के बीच फंस गया। चीख-पुकार सुनकर सहकर्मियों ने तुरंत मशीन बंद की, लेकिन तब तक विकास दम तोड़ चुका था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पावंटा साहिब पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। डीएसपी पांवटा, SDM पावंटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भेज दिया है। इस मामले की आधिकारिक सूचना जिला उपायुक्त को भी दे दी गई है ताकि प्रशासनिक स्तर पर आगामी कदम उठाए जा सकें।

डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुस्टि करते हुए स्पष्ट किया है कि पुलिस इस घटना को हर संभावित एंगल से देख रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि फिलहाल मौत की असली वजह पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जो मौत के सही कारणों का खुलासा करने में सबसे महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। इसके साथ ही, घटनास्थल से वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य (Technical Evidence) भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को आपस में जोड़ा जा सके।
ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में चल रहे सभी स्टोन क्रशरों की सुरक्षा ऑडिट कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए दोषी पाए जाने वाले प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।