पावंटा साहिब में 2.350 किलोग्राम भुक्की के साथ ट्रक चालक गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर पुलिस की एसआईयू टीम ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पावंटा साहिब क्षेत्र में एक ट्रक चालक से 2 किलो 350 ग्राम भुक्की (पोपी हस्क) बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

20 सितंबर को एसआईयू नाहन की पुलिस टीम जब गश्त के दौरान बेहड़ेवाला में चौधरी ढाबा के पास मौजूद थी, तो उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के अनुसार, सुखवीर (पुत्र बलजीत सिंह, निवासी तहसील पावंटा साहिब, जिला सिरमौर) जो पेशे से ट्रक चालक है, अपने ट्रक (HP 17G 7255) में बाहरी राज्यों से अवैध रूप से भुक्की लाकर पावंटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में बेचने का काम करता है।

पुलिस को सटीक जानकारी मिली थी कि आरोपी अपने ट्रक में हरियाणा की तरफ से भुक्की की भारी खेप लेकर पावंटा साहिब की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही एसआईयू टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर रणनीति बनाई और संदिग्ध ट्रक को रोककर छानबीन शुरू की।

वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने उक्त ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की, जिसमें उसने अपनी पहचान सुखवीर पुत्र बलजीत सिंह के रूप में बताई। इसके बाद जब पुलिस ने नियमानुसार ट्रक की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 2 किलो 350 ग्राम भुक्की/पोपी हस्क बरामद हुई।

अवैध नशीले पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस ने नशीली खेप व ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना माजरा में आरोपी के विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह खेप हरियाणा में कहां से लाया था और पावंटा साहिब में इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।