पावंटा साहिब में प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप के साथ युवक धरा

नाहन : सिरमौर में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए नाहन में तैनात स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम ने एक अहम कामयाबी हासिल की है। सोमवार को गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने एक मोटरसाइकिल सवार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। इस संदर्भ में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, STF की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पांवटा साहिब के देवी नगर (वार्ड नंबर-10) का निवासी अनिश, पुत्र मोहम्मद सलीम, अपनी मोटरसाइकिलपर नशीली दवाओं की खेप लेकर भाटावाली क्षेत्र में खरीद-फरोख्त के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से CODECTUSS TR प्रतिबंधित कफ सिरप की 14 शीशियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके पर नशीले पदार्थ और वाहन को कब्जे में ले लिया है। इस मामले में पुलिस थाना पाँवटा साहिब में आरोपी के विरुद्ध ND&PS एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।