सोलन : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के बिलांवाली लबाणा में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मामले में बद्दी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने न केवल अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाया, बल्कि इस वारदात में शामिल आरोपियों को भी रिकॉर्ड समय में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुँचाया। पुलिस की इस त्वरित और पेशेवर कार्रवाई की हर तरफ सराहना हो रही है। इसी क्रम में, बेहतरीन कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक बद्दी, विनोद धीमान ने इस ब्लाइंड मर्डर केस में सराहनीय भूमिका निभाने वाली पूरी टीम की पीठ थपथपाई। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपियों का सुराग लगाया। प्रभावी रणनीति और टीम वर्क के कारण ही पुलिस आरोपियों तक इतनी जल्दी पहुँचने में सफल रही। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए SP ने टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र (C.C. Class-III) प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में निरीक्षक शिव राम कृष्ण (थाना प्रभारी बद्दी), उप निरीक्षक विपन कुमार, एएसआई मनोज कुमार और साइबर व सीसीटीवी सेल के विशेषज्ञ शामिल रहे। इसके अलावा आरक्षी बिट्टू राम, प्रकाश चंद, मनप्रीत सिंह और रॉकी को भी उनके विशेष योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया। SP विनोद धीमान ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जिला पुलिस इसी तरह पेशेवर ढंग से कार्य करती रहेगी और अच्छा काम करने वाले जवानों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।