बद्दी में खूनी रंजिश: रात को हुआ विवाद और सुबह खेत में मिली लहूलुहान लाश!

सोलन: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत बिलांवाली लबाणा में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक खेत में युवक का शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान ओमकार चौधरी, पुत्र दिलावर सिंह, निवासी गांव छितावर (बिजनौर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में पाया गया कि युवक के सिर पर गहरी चोटों के निशान थे और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

जानकारी के अनुसार, ओमकार चौधरी का पिछली रात कुछ व्यक्तियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। माना जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर ली है, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस थाना बद्दी में इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी, विनोद धीमान ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जांच अधिकारियों को मामले की तह तक जाने और साक्ष्यों को सुरक्षित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। जांच में वैज्ञानिक सहायता सुनिश्चित करने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए हैं ताकि आरोपियों के खिलाफ ठोस केस तैयार किया जा सके।

बद्दी पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया है। ये टीमें संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और संलिप्त आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजकर उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।