सोलन : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में झपटमारों के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। छठ पूजा मेले के दौरान मोबाइल फोन छीनने की वारदात को सुलझाते हुए पुलिस थाना बद्दी की टीम ने पंजाब के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से चोरी और छीने गए कुल 14 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, 15 नवंबर को शिकायतकर्ता प्रिंस ठाकुर (मूल निवासी गांव विष्णुपुर, जिला गया, बिहार एवं वर्तमान निवासी गुल्लरवाला, बद्दी) ने बद्दी थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि वह वर्धमान चौक के समीप बिहारी कॉलोनी की खड्ड में आयोजित छठ पूजा मेले में गया था। पूजा संपन्न होने के बाद जब वह अपने मोबाइल फोन पर बात कर रहा था, तभी पीछे से बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर आए तीन युवक उसका मोबाइल झपटकर मौके से फरार हो गए।

शिकायत मिलने पर बद्दी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इस वारदात में शामिल एक आरोपी राज (23 वर्ष), निवासी जनता नगर, जिला भटिंडा (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर पुलिस ने आरोपी के पास से 14 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिससे इस गिरोह के अन्य वारदातों में शामिल होने की आशंका भी बढ़ गई है। पुलिस के अनुसार, बाइक पर सवार अन्य दो फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और मामले में आगामी जांच जारी है।
बद्दी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों, मेलों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान अपने मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान की विशेष सुरक्षा रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि के नजर आने पर तुरंत मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों या नजदीकी पुलिस थाने में इसकी सूचना दें।