बधाई के ‘हक’ पर जंग: पांवटा साहिब में भिड़े किन्नरों के दो गुट, लाठी-डंडे और लात-घूंसे चले

नाहन : उपमंडल पांवटा साहिब के तहत ग्राम पंचायत कुण्डियों में बधाई मांगने को लेकर किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस थाना माजरा ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पहले पक्ष में शिकायतकर्ता जोया महन्त (निवासी गुज्जर कॉलोनी बद्रीपुर) ने पुलिस को बताया कि वह अपनी साथियों आशा, नैना और शिवानी के साथ कुण्डियों गांव में बधाई मांग रही थी। इसी दौरान राजकुमारी उर्फ नर्गिस, समीर खान और खुशी उर्फ जानी वहां पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने डंडों से हमला कर दिया, जिससे जोया की बाजू, टांग और कमर में चोटें आई हैं।

वहीं, दूसरे पक्ष की राजकुमारी गद्दी (निवासी देवीनगर) ने भी पुलिस में क्रॉस केस दर्ज कराया है। राजकुमारी के अनुसार, वह अपने साथी खुशी और चालक समीर के साथ बधाई लेने गई थी। वहां पहले से मौजूद जोया और उसके साथियों ने उनके साथ बहस शुरू कर दी। आरोप है कि जोया ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया और लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसे पेट, छाती और टांगों में गंभीर चोटें आई हैं।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना माजरा में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के मेडिकल करवाने और गवाहों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।