नाहन : सिरमौर जिले के उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह से एक बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाली ख़बर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के सक्रिय स्थानीय नेता जय प्रकाश उर्फ जेपी ठाकुर का बुधवार सुबह नहाते समय अचानक गिरने से आकस्मिक निधन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह जब जेपी बाथरूम में गए तो वहां अचानक अचेत होकर गिर पड़े। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर जब परिजनों ने देखा तो वह अचेत अवस्था में मिले, जिसके बाद उन्हें तुरंत संगड़ाह अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद नम आंखों से उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
महज 40 वर्ष की आयु में जेपी ठाकुर का इस तरह दुनिया से चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ा झटका है। उनके दोस्तों और करीबियों ने बताया कि जेपी पूरी तरह स्वस्थ थे, उन्हें न तो कोई बीमारी थी और न ही वह किसी तरह का नशा करते थे। वह अपने घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे और उनके अचानक चले जाने से तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

इस दुखद घड़ी में राजनीति और दलीय सीमाओं को लांघकर सभी दलों के नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है। भाजपा नेता नारायण सिंह, प्रताप तोमर, कुशल चौहान, बलवीर ठाकुर, विजेंद्र शर्मा, प्रताप सिंह, अनिल भारद्वाज और मनोज ठाकुर सहित कई पदाधिकारियों ने दुख जताते हुए कहा कि पार्टी ने अपना एक सच्चा और समर्पित सिपाही खो दिया है। वहीं, रेणुका जी कांग्रेस मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व पंचायत प्रधान चौहान सहित कई स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी अंतिम संस्कार में शामिल होकर शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मौत के कारणों को लेकर मृतक का पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. विक्रांत ने बताया कि प्राथमिक दृष्टि में मौत की वजह दिल का दौरा (हार्ट अटैक) मानी जा रही है। हालांकि, मौत के असल कारणों का सटीक पता विसरा की डिटेल रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिजनों के हवाले से उन्होंने पुष्टि की कि सुबह नहाते समय ही वह अचानक बेहोश हुए थे। दूसरी ओर, इस त्रासदी पर एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने कहा कि प्रशासन के नियमों के तहत दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में राहत राशि जारी करने का प्रावधान है, लेकिन फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।