नाहन : आज राजकीय उच्च विद्यालय मलगांव में “ईको क्लब फॉर मिशन लाइफ (Mission LiFE)” के अंतर्गत विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता तथा राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय के सदन वार विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
जिसका निरीक्षण प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर द्वारा किया गया । उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए गणित एवं विज्ञान मॉडलों, पोस्टरों, रंगोलियों तथा विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की ।

कार्यक्रम के अंतर्गत गणित एवं विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता तथा एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, नवाचार, कलात्मक कौशल एवं भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षकगण तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के कार्यकारी मुख्याध्यापक संदीप कुमार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए इस प्रकार की गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, वैज्ञानिक सोच, पर्यावरण संरक्षण तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई। साथ ही, उन्होंने विद्यालय में पधारकर गतिविधियों का निरीक्षण करने तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी, सहयोग की भावना तथा देश की विविध संस्कृतियों के प्रति सम्मान विकसित करना रहा। इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने तथा उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।