नाहन : जिला सिरमौर के माजरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति और एक अन्य महिला के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। महिला का आरोप है कि जब वह अपने खर्च के लिए पति के पास गई, तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
पुलिस को दी गई शिकायत में रजनी निवासी माजरा ने बताया कि वह अपने पति हरीश कुमार (पुत्र शोभाराम) के कमरे में अपने और घर के खर्चों के लिए पैसे मांगने गई थी। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद उसके पति और एक अन्य महिला शीतल देवी ने उसके साथ बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने रजनी के साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता रजनी ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान न केवल उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, बल्कि उसके बाल भी नोचे गए। इस हमले में रजनी की दाहिनी बाजू पर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण करवाया गया।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी में मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि माजरा पुलिस ने रजनी की शिकायत के आधार पर पति हरीश कुमार और शीतल देवी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है