नाहन: जिला सिरमौर में मानवता की सेवा के लिए तत्पर ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ (Drops of Hope Society) के एक सदस्य ने एक बार फिर आपातकाल स्थिति में रक्तदान कर जच्चा-बच्चा को नया जीवनदान दिया है। सोसाइटी के सक्रिय सदस्य आशिष ठाकुर ने डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन के ब्लड बैंक में पहुँचकर ‘B नेगेटिव’ (B-ve) जैसा दुर्लभ रक्त समूह दान किया।
मिली जानकारी के अनुसार, तहसील शिलाई के गाँव क्यारी गुड़हा पाब की एक गर्भवती महिला मेडिकल कॉलेज के गाइनी विभाग में उपचाराधीन है। महिला का हीमोग्लोबिन काफी कम होने के कारण ऑपरेशन में गंभीर दिक्कत आ रही थी और उन्हें तुरंत ‘B नेगेटिव’ रक्त की आवश्यकता थी। जैसे ही इस आपात स्थिति की सूचना सोसाइटी तक पहुँची, सदस्य आशीष ठाकुर बिना समय गंवाए सोसाइटी के अध्यक्ष ईशान राव के साथ ब्लड बैंक पहुँच गए।

आशीष ठाकुर ने अपने जीवन का यह पाँचवाँ रक्तदान किया। उनके इस जज्बे को देखते हुए ब्लड बैंक नाहन की स्टाफ नर्स स्वाति ने उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। सोसाइटी के अध्यक्ष ईशान राव ने कहा कि आशीष सोसाइटी के एक कर्मठ सदस्य हैं जो दिन-रात निस्वार्थ सेवा के लिए तैयार रहते हैं।