मास्टर्स हॉकी कप-2026: हिमाचल प्रदेश की महिला टीम ने मध्य प्रदेश को 1-0 से दी मात

Photo of author

By Hills Post

शिमला: नई दिल्ली के ऐतिहासिक शिवाजी स्टेडियम में खेले जा रहे मास्टर्स हॉकी कप-2026 में हिमाचल प्रदेश की महिला हॉकी टीम ने अपने शानदार और अनुशासित खेल का प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश की मजबूत टीम को 1-0 से पराजित कर दिया है। हिमाचल की टीम ने पूरे मुकाबले के दौरान बेहतरीन तालमेल और बेहद मजबूत रक्षात्मक खेल का परिचय दिया। मैच के पहले हॉफ तक दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी, लेकिन मुकाबला दूसरे हॉफ में रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया जब अरविंद्र कौर रोजी के सटीक पास को नीलम ने शानदार तरीके से गोल में परिवर्तित कर दिया।

हिमाचल प्रदेश की ओर से किया गया यह एकमात्र गोल अंत तक निर्णायक साबित हुआ। इसके बाद मध्य प्रदेश की टीम ने मुकाबले में बराबरी हासिल करने के लिए कई आक्रामक प्रयास किए, परंतु हिमाचल की रक्षापंक्ति और खिलाड़ियों ने उनके हर हमले को नाकाम कर दिया और अंततः मुकाबला 1-0 से अपने नाम कर लिया। आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश की यह टीम ‘सुपर मास्टर हॉकी वर्ग’ में हिस्सा ले रही है, जिसमें प्रदेश की कई अनुभवी महिला खिलाड़ी शामिल हैं। टीम का नेतृत्व और मैदानी प्रदर्शन आपसी तालमेल की मिसाल पेश कर रहा है।

टीम का खास आकर्षण तीन सगी इंटरनेशनल बहनें:

इस जीत के बाद हिमाचल प्रदेश की टीम में और अधिक उत्साह देखने को मिला है। इस टीम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सिरमौर जिला के ऐतिहासिक नाहन शहर से ताल्लुक रखने वाली तीन सगी बहनें सीमा परमार, कल्पना परमार और पूनम परमार एक साथ मैदान में उतर रही हैं। ये तीनों ही बहनें इंटरनेशनल स्तर की खिलाड़ी हैं, जिनका अनुभव और खेल कौशल टीम के लिए बेहद मददगार साबित हो रहा है।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग ले रही हिमाचल प्रदेश महिला हॉकी टीम के कोच गुरप्रीत सिंह और मैनेजर मीना (बंटी) हैं। टीम में रचना, मोनिका, कविता, रानी, वंदना, शालिनी कंवर, अनिता देवी, नीलम, सपना, शाहिना चौधरी, पूनम परमार, शगुन, अंजना पठानिया, कल्पना परमार, सीमा परमार, अरविंदर कौर रोजी और ललिता देवी (गोलकीपर) हैं ।

मास्टर्स हॉकी कप-2026 का आयोजन 5 सितंबर तक शिवाजी स्टेडियम, नई दिल्ली में किया जा रहा है। इस रोमांचक जीत के बाद हिमाचल की टीम और उनके समर्थकों में भारी खुशी का माहौल है। टीम अब प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी अपनी जीत की इस लय को पूरी तरह बरकरार रखने के पुख्ता इरादे के साथ मैदान में उतरेगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।