मुख्यमंत्री के नाहन दौरे को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी: शहर के कई रास्तों पर नो-पार्किंग जोन घोषित

नाहन: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के 8 मार्च 2026 को प्रस्तावित नाहन दौरे के मद्देनजर जिला पुलिस और प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। जिला प्रशासन ने स्थानीय जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए पुलिस द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें।

बाहर से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
ट्रैफिक प्लान के अनुसार, पांवटा साहिब, कालाअम्ब, सोलन और रेणुका जी की तरफ से आने वाली सभी बसों और कारों को चम्बा ग्राउंड में यात्रियों को उतारना होगा। इन सभी वाहनों की पार्किंग भी चम्बा ग्राउंड में ही सुनिश्चित की गई है।

इन रास्तों पर रहेगा नो-पार्किंग जोन (लाल निशान)
शहर के मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए कुछ क्षेत्रों को सख्त ‘नो-पार्किंग’ जोन घोषित किया गया है:

आईटीआई नाहन से चौगान ग्राउंड (Venu) होते हुए दिल्ली गेट तक।

बस्ती चौक से सब्जी मंडी की तरफ जाने वाले मार्ग पर।
इन क्षेत्रों में सड़क के किनारे वाहन खड़ा करना पूरी तरह वर्जित है।

पार्किंग के लिए अनुमति क्षेत्र (नीला निशान)
प्रशासन ने कुछ चिन्हित रास्तों पर सड़क के किनारे पार्किंग की अनुमति दी है:

दोसड़का से सब्जी मंडी।

आईटीआई नाहन सोलन रोड और रेणुका रोड ।

सब्जी मंडी से दोसड़का जाने वाला मार्ग।

प्रशासन की अपील
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात रहेगा। स्थानीय निवासियों से अनुरोध किया गया है कि वे कम से कम निजी वाहनों का उपयोग करें और वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सहयोग करें ताकि एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं में कोई बाधा न आए।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।