मेरा युवा भारत सोलन ने युवाओं को सिखाया सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना

Photo of author

By Hills Post

सोलन: मेरा युवा भारत सोलन के तत्वावधान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) सोलन में केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख जन-कल्याणकारी योजनाओं पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था ताकि वे अपने समुदायों में सूचना दूत (Change Agents) बनकर आम जनमानस तक इन लाभों को पहुँचा सकें।

मुख्य अतिथि और विशिष्ट वक्ताओं का मार्गदर्शनकार्यशाला में ITI सोलन की प्राचार्या नवीन कुमारी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जन शिक्षण संस्थान सोलन के निदेशक हरिन्द्र वर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। मेरा युवा भारत सोलन की ओर से कनिष्क शर्मा और प्रज्ज्वल शर्मा ने अतिथियों का शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।

मुख्य वक्ताओं ने ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में जागरूकता की कमी को दूर करने के लिए युवाओं को निम्नलिखित महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी । प्रदेश सरकार की योजनाओं में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी लाड़ली बहना योजना, डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना, राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना। केंद्र सरकार की योजनाओं में पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम मुद्रा योजना, पीएम कौशल विकास योजना, डिजिटल इंडिया, पीएम जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत)।वित्तीय व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में पीएम जन धन योजना, अटल पेंशन योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना और जीवन ज्योति बीमा योजना।

जागरूकता की कमी को पाटने का प्रयासमुख्य वक्ता हरिन्द्र वर्मा ने कहा कि अक्सर गलत सूचना या सीमित क्षमता के कारण पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। इस सूचना अंतर को खत्म करने के लिए ही जमीनी स्तर पर युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।कार्यशाला में नशा मुक्त भारत अभियान पर भी विशेष चर्चा की गई और युवाओं को विभिन्न सरकारी पोर्टल्स और वेबसाइट्स का उपयोग करना सिखाया गया।

मेरा युवा भारत सोलन के उप निदेशक विपिन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यशाला में लगभग 110 युवाओं ने भाग लिया। उन्होंने विश्वास जताया कि यहाँ से प्रशिक्षित युवा अब अपने-अपने गांवों और वार्डों में जाकर उन लोगों की मदद करेंगे जो तकनीकी जानकारी के अभाव में सरकारी सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।