राजगढ़: पानी के टैंक में अज्ञात व्यक्ति का मिलना बना पहेली, पुलिस शिनाख्त में जुटी

नाहन : जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ के तहत आने वाले चाखल डुगी सेर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पानी के टैंक में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

जैसे ही स्थानीय ग्रामीणों ने टैंक के भीतर शव को देखा, इसकी सूचना तुरंत गिरी पुल पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम घटनास्थल पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया। फिलहाल, शव को शिनाख्त के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ के शव गृह (Mortuary) में सुरक्षित रखवाया गया है।

प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के पास से ऐसा कोई भी दस्तावेज, मोबाइल या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान की जा सके। पुलिस आस-पास के पंचायतों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि मृतक के परिजनों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

DSP राजगढ़ विद्या चंद नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन तफ्तीश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई और कारण।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।