नाहन : पुलिस थाना राजगढ़ की टीम ने गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के संदेह में चार शातिर चोरों को दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान, एक मारुति वैन और एक पिकअप गाड़ी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राजगढ़ पुलिस की टीम क्षेत्र में रूटीन गश्त पर थी। इसी दौरान गौडा की ओर से आ रही एक मारुति वैन (HP14A 5747) और एक पिकअप (HP 16A 4506) को संदेह के आधार पर चेकिंग के लिए रोका गया। जब पुलिस ने वाहनों की तलाशी ली, तो वैन की डिग्गी से एक जनरेटर, वेल्डिंग सेट, वेल्डिंग रोड, कटर मशीन, बिजली की तारें और नट खोलने वाली चाबियां बरामद हुईं। वहीं, पिकअप के अंदर लोहे के पाइप के भारी कटे हुए टुकड़े और एक बड़ा गैस सिलेंडर पाया गया।

वाहन में सवार व्यक्तियों से जब सामान के संबंध में पूछताछ की गई और दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वैन में सवार आरोपियों की पहचान शाहजांह, मीर मोहम्मद और लियाक्त अली (निवासी जिला राजौरी, जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। वहीं, पिकअप मालिक की पहचान भगत (निवासी सोलन) के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार, यह स्पष्ट है कि यह सारा सामान कहीं से चोरी किया गया था जिसे आरोपी ठिकाने लगाने की फिराक में थे।
पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर सामान और वाहनों को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना राजगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब इस बात की छानबीन कर रही है कि चोरी की यह वारदात कहाँ अंजाम दी गई थी और इस गिरोह के तार कहाँ-कहाँ जुड़े हैं।