राजगढ़ में नशे पर पुलिस का कड़ा प्रहार: रिहायशी मकान से चिट्टे के साथ 3 युवक गिरफ्तार

नाहन : राजगढ़ पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने राजगढ़ स्थित एक रिहायशी मकान में अचानक दबिश दी। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान की तलाशी ली, जिसमें अक्षित चौहान के कमरे में रखी अलमारी के लॉकर के अंदर से 4.87 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद तीन व्यक्तियों को मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान स्थानीय निवासियों के रूप में हुई है। इनमें अक्षित चौहान पुत्र रघुवीर सिंह (निवासी चौहान निवास, पुराना बस स्टैंड, राजगढ़), अजय कुमार पुत्र प्रेम सिंह (निवासी नजदीक डीएवी स्कूल, राजगढ़) और शुभम वर्मा पुत्र संजीव वर्मा (निवासी वर्मा निवास, खैरी रोड, राजगढ़) शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये तीनों आरोपी अपने रिहायशी मकान का उपयोग नशे के व्यापार के लिए कर रहे थे।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पकड़े गए मादक पदार्थ को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इन आरोपियों के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और वे यह नशा कहां से ला रहे थे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।