राजगढ़ में महिला ने रास्ता रोकने के लिए छोड़ा कुत्ता, पुलिस जवान और दो छात्र घायल

नाहन : राजगढ़-लहारब-शमलोह मार्ग पर मंगलवार को जेसीबी मशीन ले जाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मिली जानकारी के मुताबिक, लहारब गांव के रहने वाले जसवंत अपनी निजी ज़मीन पर काम करवाने के लिए एक जेसीबी मशीन ले जा रहे थे। इसी बीच डूब्लू के पास दो महिलाओं ने मशीन के आगे खड़े होकर उसका रास्ता रोक दिया। विवाद बढ़ता देख तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक हैरान करने वाला मोड़ तब आया जब पुलिस के पहुंचने से पहले आईटीआई से घर लौट रहे दो छात्र वहां से गुज़रे। जैसे ही उन्होंने अपनी बाइक रोकी, वहां मौजूद एक पालतू कुत्ते ने उन पर अचानक हमला कर दिया, जिससे दोनों छात्र जख्मी हो गए। हद तो तब हो गई जब मौके पर स्थिति को संभालने पहुंची राजगढ़ पुलिस की टीम के एक जवान को भी उसी कुत्ते ने काट कर लहूलुहान कर दिया। इस तरह इस पूरे विवाद में दो छात्रों समेत एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित महिला जानबूझकर पिछले लंबे समय से इस मार्ग को लेकर विवाद खड़ा करती आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सड़क करीब दो दशक पुरानी है और इस पर सरकारी बजट भी खर्च हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद आए दिन लोगों की आवाजाही में अड़ंगे अटकाए जाते हैं। वहीं दूसरी तरफ, आरोपी महिला का तर्क है कि वह जगह सड़क नहीं बल्कि एक आम रास्ता है और भारी-भरकम जेसीबी मशीनों के निकलने से उनकी निजी जमीन को नुकसान पहुंचता है, इसीलिए उन्होंने गाड़ी को आगे जाने से मना किया था।

इलाके के निवासी रामकिशन ठाकुर ने बताया कि उक्त महिला के खिलाफ रास्ता रोकने और हुड़दंग मचाने के आरोप में पहले भी राजगढ़ थाने में कई शिकायतें और मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि वैध दस्तावेज होने के बावजूद लोगों को जानबूझकर परेशान किया जाता है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने बताया कि हंगामा बढ़ने पर महिलाओं द्वारा कुत्ते को खुला छोड़ दिया गया था, जिसने पुलिसकर्मी और छात्रों पर हमला किया। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, और फिलहाल विवाद को शांत करवाकर मार्ग को दोबारा सुचारू कर दिया गया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।