राजेश कुमार चंदेल ने एस.जे.वी.एन. के निदेशक परियोजनाएं का कार्यभार संभाला

Photo of author

By Hills Post

 शिमला: भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली नवरत्न सीपीएसई एसजेवीएन (SJVN) के शीर्ष प्रबंधन में एक महत्वपूर्ण नियुक्ति हुई है। वरिष्ठ अधिकारी राजेश कुमार चंदेल ने एसजेवीएन के नए निदेशक (परियोजनाएं) के रूप में आधिकारिक तौर पर अपना कार्यभार संभाल लिया है।

उनके पदभार ग्रहण करने पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) भूपेन्द्र गुप्ता और निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

कार्यभार संभालने के अवसर पर नई दिल्ली स्थित एसजेवीएन के संपर्क कार्यालय में एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान एसजेवीएन के निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे और मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) पंकज पोरवाल सहित कारपोरेट मुख्यालय व दिल्ली कार्यालय के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने श्री राजेश कुमार चंदेल का गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।

निदेशक (परियोजनाएं) बनने से ठीक पहले चंदेल एसजेवीएन के सीएमडी के ओएसडी (OSD) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। राजेश कुमार चंदेल को विद्युत क्षेत्र, विशेषकर हाइड्रो (जलविद्युत) सेक्टर में 35 वर्षों से अधिक का व्यापक और गहन अनुभव प्राप्त है। वे परियोजनाओं की रूपरेखा (अवधारणा), आयोजना, निष्पादन, कड़े मॉनिटरिंग सिस्टम और भारत, नेपाल व भूटान के बीच अंतरराष्ट्रीय समन्वय स्थापित करने में महारत रखते हैं।

वर्ष 2020 में उन्होंने परियोजना प्रमुख (Project Head) के तौर पर हमीरपुर की 66 मेगावाट धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना को शुरुआती पेपरवर्क से लेकर निर्माण चरण तक पहुंचाया। उन्होंने देश के सबसे बड़े 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन की हेड रेस टनल (HRT) के निर्माण कार्य में लगभग 8 वर्षों तक फील्ड में डटकर योगदान दिया।

चंदेल ने अपने शानदार करियर की शुरुआत वर्ष 1990 में हिमाचल प्रदेश आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण (HIMUDA) से की थी। इसके बाद वे 5 मई 1994 को एसजेवीएन में बतौर इंजीनियर शामिल हुए। 14 सितंबर 1971 को हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के महरे गांव में जन्मे राजेश कुमार चंदेल ने अपनी स्कूली शिक्षा राजकीय उच्च विद्यालय, टौणी देवी (हमीरपुर) से पूरी की। वे सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक (B.Tech) हैं और उन्होंने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) में मास्टर डिग्री भी हासिल की है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।