रिकांगपिओ: जनजातीय जिला किन्नौर में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह जिला मुख्यालय के रिकांग पिओ के आई.टी.बी.पी. मैदान में बडे़ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने की।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया व भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व पुलिस विभाग के सब इंस्पेक्टर नवनीत सैणी ने किया। परेड में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, हिमाचल पुलिस पुरुष व महिला, गृह रक्षा पुरूष व महिला, गृह रक्षा बैंड, एन.सी.सी व एन.एस.एस ईकाई के छात्रों की टुकड़ियों ने भाग लिया।
इससे पूर्व आयोजन स्थल पहुंचने पर समारोह के मुख्य अतिथि का जिला प्रशासन व स्थानीय लोगों द्वारा पारम्परिक वाद्य यंत्रो के साथ भव्य स्वागत किया गया। जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि आज पूरे देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने इस अवसर पर देश को आजादी दिलाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को भी याद किया। उन्होंने उन सभी शहीद जवानों को भी नमन किया जिन्होंने देश की रक्षा, एकता व अखण्डता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए कुर्बानियां दीं।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि 11 दिसम्बर, 2022 को जन सेवा का बीड़ा उठाने के उपरान्त प्रदेश सरकार ने पिछले दो वर्षों में हिमाचल को आत्मनिर्भर और सबसे समृद्धशाली राज्य बनाने की दिशा में समर्पित प्रयास किए हैं। पिछली सरकार हिमाचल प्रदेश पर 75 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज़ तथा कर्मचारियों की देनदारियों के रूप में लगभग 10 हज़ार करोड़ रुपये का आर्थिक बोझ विरासत में छोड़ गई। व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प के साथ महत्त्वपूर्ण वित्तीय सुधार लाते हुए हमने एक वर्ष के भीतर संशोधित आबकारी नीति लागू कर 2 हज़ार 631 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया।

बागवानी मंत्री ने बताया कि शराब की दुकानों की नीलामी से 485 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया और मिल्क सैस से 145 करोड़ रुपये कमाए। प्रदेश में वर्ष 2023 में आई भीषण प्राकृतिक आपदा से उबरने के लिए हमारी सरकार ने सीमित संसाधनों के बावजूद प्रभावित परिवारों को 4500 करोड़ रुपये का विशेष राहत पैकेज दिया। विधानसभा चुनाव के दौरान लोगों से किये दस वायदों में से 6 को पूरा कर लिया गया है।