नाहन : जिला सिरमौर के ददाहू तहसील के तहत आने वाली पंचायत जरग में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला पर अपनी ही देवर की बकरियों को यूरिया खाद खिलाकर मारने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आलिया गांव के निवासी हीरा पुत्र स्वर्गीय श्री खुलु राम ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। हीरा ने अपनी भाभी, निशा देवी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने रंजिश के चलते उसकी बकरियों को यूरिया खाद खिला दी। यूरिया खाने के कुछ ही समय बाद बकरियां मृत पाई गईं, जिससे शिकायतकर्ता को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

इस क्रूरतापूर्ण घटना के संदर्भ में पुलिस ने आरोपी महिला निशा देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या बकरियों की मौत वास्तव में यूरिया खाद के सेवन से हुई है और इस घटना के पीछे की असली वजह क्या थी। बेजुबान जानवरों के साथ की गई इस तरह की हरकत से इलाके में चर्चा का माहौल है।