नाहन : जिला सिरमौर की रेणुका जी पुलिस टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ददाहू तहसील के अंतर्गत ग्राम महीपुर में लहसुन के खेत के बीचों-बीच उगाई गई अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। हालांकि, पुलिस की दबिश के दौरान आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस ने जाल बिछा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रेणुका जी पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि महीपुर निवासी विनय कुमार, पुत्र सुंदर सिंह ने अपने घर के पीछे स्थित लहसुन के खेत में अवैध रूप से अफीम के पौधे उगाए हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने खेत से अफीम के कुल 25 पौधे बरामद किए, जिन्हें साक्ष्य के तौर पर कब्जे में ले लिया गया है।

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विनय कुमार के खिलाफ मादक द्रव्य निषेध अधिनियम (ND&PS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पुलिस के आने की भनक पहले ही लग गई थी, जिस कारण वह मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस विभाग ने दावा किया है कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अफीम या भांग जैसी किसी भी प्रकार की अवैध खेती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।