नाहन : पुलिस थाना श्री रेणुका जी के अंतर्गत संगड़ाह चौक पर एक सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है, जिसमें एक तेज रफ्तार और गलत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल ने दंपत्ति की बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में पति-पत्नी दोनों घायल हो गए, जबकि टक्कर मारने के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गए।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, दीपक (निवासी गांव रौंडी, डाकघर देवना, तहसील नौहराधार, जिला सिरमौर) अपनी पत्नी के साथ अपनी मोटरसाइकिल (HP79-4371) पर बड़ग से कालाअंब की ओर लौट रहा था। दोपहर करीब 1:00 बजे जब वे संगड़ाह चौक रेणुका जी के पास पहुंचे और ददाहू की तरफ मुड़ने लगे, तभी ददाहू की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने गलत दिशा में आकर उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे दीपक और उनकी पत्नी दोनों को चोटें आई हैं। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद उक्त बाइक पर सवार दो लोग मौके से फरार हो गए।
SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पीड़ित दीपक की शिकायत पर रेणुका जी पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से फरार बाइक सवारों की पहचान में जुट गई है।