रेणुका जी में भीम आर्मी ने मनाई कांशीराम जयंती, चुनावी हुंकार के साथ संगठन का विस्तार

नाहन : आज भीम आर्मी भारत एकता मिशन जिला सिरमौर द्वारा रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में बहुजन नायक कांशीराम की जयंती और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के लोकसभा शिमला प्रभारी सुरेंद्र सिंह धर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सुरेंद्र सिंह धर्मा ने कहा कि बहुजन समाज को जगाने और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में कांशीराम का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि आज उन्हीं के दिखाए रास्तों की बदौलत समाज जागृत है। धर्मा ने ऐलान किया कि आजाद समाज पार्टी आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों से लेकर विधानसभा चुनावों तक मजबूती से अपनी दावेदारी पेश करेगी।

इस अवसर पर भीम आर्मी स्टूडेंट फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शिशुपाल ने भी अपना संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर समानता, एकता और भाईचारे को बढ़ावा देना ही महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के दौरान कई नए लोगों ने भी भीम आर्मी भारत एकता मिशन की सदस्यता ग्रहण की। इस आयोजन में जिला अध्यक्ष धनीराम, महासचिव बलिंदर कुमार, रेणुका मंडल अध्यक्ष बलवीर सिंह, सचिव जयपाल सहित दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।