रेणुकाजी में खौफनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित कार खाई में गिरने से दो घरों के चिराग बुझे

नाहन : जिला सिरमौर के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बांदल-सुराख सड़क पर रविवार दोपहर एक खौफनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ क्यार के समीप एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार दो व्यक्तियों की जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा आज दोपहर में पेश आया। कार सवार जब क्यार के पास पहुंचे, तो चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे लुढ़कती हुई गहरी खाई में जा समाई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान 36 वर्षीय अनिल कुमार (पुत्र बलबीर सिंह, निवासी खालाक्यार) और 48 वर्षीय गुमान सिंह (पुत्र अमर सिंह, निवासी धार टारन) के रूप में हुई है। अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गुमान सिंह ने नाहन मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) सिरमौर, योगेश रोल्टा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की मुख्य वजह चालक का वाहन पर से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। एएसपी ने कहा कि पुलिस टीम पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।