रोनहाट खंड के चार स्कूलों के जर्जर भवनों का निरीक्षण, असुरक्षित घोषित करने की प्रक्रिया शुरू

नाहन : शिलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शिक्षा खंड रोनहाट के चार प्राथमिक विद्यालयों में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। आज शिक्षा विभाग और लोक निर्माण विभाग की एक संयुक्त समिति ने स्कूलों के उन पुराने भवनों का जायजा लिया जो वर्तमान में जर्जर अवस्था में पहुँच चुके हैं।

निरीक्षण समिति ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला हकायना (2 कमरे), राजकीय प्राथमिक पाठशाला बोंच (2 कमरे), राजकीय प्राथमिक पाठशाला अजरोली (1 कमरा) और राजकीय प्राथमिक पाठशाला जरवा (2 कमरे) का दौरा किया। समिति ने पाया कि इन सभी सात कमरों की हालत अत्यंत नाजुक है और यहाँ छात्रों को बिठाना सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक साबित हो सकता है।

भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए समिति ने इन्हें असुरक्षित घोषित करने हेतु आवश्यक विभागीय कार्यवाही अमल में लाई है। इस निरीक्षण रिपोर्ट को अब आगामी मंजूरी के लिए निदेशक, स्कूल शिक्षा हिमाचल प्रदेश को भेजा जा रहा है। निदेशालय से स्वीकृति मिलते ही इन जर्जर कमरों को गिरा दिया जाएगा। इसके उपरांत, आवश्यकतानुसार नए कमरों के निर्माण के लिए बजट की मांग की जाएगी ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण दल में शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर, खंड शिक्षा अधिकारी (रोनहाट) नीलम ठाकुर, हिमाचल लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनिल ठाकुर, समग्र शिक्षा के कनिष्ठ अभियंता मोहन सिंगटा, कार्यालय अधीक्षक गगनदीप सहित संबंधित पाठशालाओं के एसएमसी (SMC) अध्यक्ष और पाठशाला प्रभारी उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।