शिमला के ऐतिहासिक आइस-स्केटिंग रिंक का होगा कायाकल्प

Photo of author

By Hills Post

शिमला: पहाड़ों की रानी शिमला में आने वाले लाखों देशी-विदेशी पर्यटकों और खेल प्रेमियों के लिए एक बेहद शानदार खबर है। राज्य सरकार ने लक्कड़ बाजार स्थित 100 साल से भी अधिक पुराने और ऐतिहासिक आइस-स्केटिंग रिंक के संपूर्ण कायाकल्प का बड़ा निर्णय लिया है। वर्ष 1920 में ब्रिटिश काल के दौरान स्थापित इस रिंक ने अब तक हजारों उभरते हुए स्केटर्स के हुनर को निखारा है। अब इसे लगभग 20.22 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से आधुनिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।

राज्य सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, इस पुनर्विकास परियोजना का मुख्य उद्देश्य शिमला आने वाले पर्यटकों को एक विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करना है। शहर के बीचों-बीच स्थित इस उन्नत रिंक के तैयार होने से पर्यटन गतिविधियों के साथ-साथ ‘आइस हॉकी’ और ‘फिगर स्केटिंग’ जैसे शीतकालीन खेलों को भारी प्रोत्साहन मिलेगा।

योजना के तहत नए विकास कार्यों के लिए कुछ पुरानी और अनुपयोगी अधोसंरचना को हटाया जाएगा। नई सुविधाओं के विकसित होने से यह रिंक भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए एक बेहतरीन मंच बनकर उभरेगा, जिससे शिमला को वैश्विक खेल मानचित्र पर एक विशेष पहचान मिलेगी।

इस आधुनिकरण से न केवल पेशेवर खिलाड़ियों और उभरते स्केटर्स को बेहतरीन प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि यह शिमला के पर्यटन उद्योग के लिए भी एक मील का पत्थर साबित होगा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।