शिमला: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश की राजनीति के सबसे कद्दावर नेता रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह अब राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान की शान बन गए हैं। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को हजारों समर्थकों की मौजूदगी में रिमोट का बटन दबाकर ‘राजा साहिब’ की नौ फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस भावुक और ऐतिहासिक क्षण के दौरान पूरा रिज मैदान “वीरभद्र सिंह अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।
यह भव्य समारोह सोमवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ, जिसमें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस नेता सचिन पायलट, दीपेंद्र हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अनावरण के बाद सोनिया गांधी ने वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित एक फोटो प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।

केंद्र पर बरसीं प्रियंका, सुक्खू की तारीफ
इस अवसर पर प्रियंका गांधी ने वीरभद्र सिंह को याद करते हुए उन्हें पंडित जवाहरलाल नेहरू के आदर्शों पर चलने वाला जननेता बताया। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश को वीरभद्र सिंह जैसे नेताओं की जरूरत है जो जनता के लिए समर्पित हों। मुख्यमंत्री सुक्खू भी जनता के नेता के रूप में काम कर रहे हैं, लेकिन आपदा के समय केंद्र की मोदी सरकार हिमाचल की आर्थिक मदद नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सत्ता हासिल करने की राजनीति करती है।
डॉ. परमार के समीप मिली जगह
वीरभद्र सिंह की यह प्रतिमा रिज के दौलत सिंह पार्क में हिमाचल निर्माता डॉ. वाई.एस. परमार की प्रतिमा के ठीक बगल में स्थापित की गई है। इस पार्क में पहले से ही महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं मौजूद हैं। सफेद ग्रेनाइट के मंच पर स्थापित 650 किलोग्राम वजनी इस प्रतिमा पर “आधुनिक हिमाचल निर्माता – वीरभद्र सिंह” अंकित है।
नोएडा में तैयार की गई इस प्रतिमा को जून में ही स्थापित कर दिया गया था, लेकिन प्रदेश में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के कारण अनावरण समारोह कई बार टलता रहा। अंततः सोमवार को यह ऐतिहासिक क्षण साकार हुआ। वीरभद्र सिंह छह बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और 8 जुलाई 2021 को उनका निधन हो गया था।