शिलाई के बगनल में ब्रेक फेल होने से सेब से भरी पिकअप खाई में गिरी, तीन लोग घायल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पुलिस थाना शिलाई के अंतर्गत बगनल नामक स्थान पर एक सेब से भरी पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने का मामला सामने आया है। ब्रेक न लगने के कारण अनियंत्रित होकर गाड़ी सड़क से नीचे गिर गई, जिससे वाहन में सवार चालक सहित तीन लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, जय पाल (निवासी गांव जवडोऊ, तहसील संगडाह) ने बताया कि 5 सितंबर को वह अपनी ड्यूटी के लिए हाबन जा रहा था। रास्ते में गांव में ही उसे रोहित और मनोज मिले, जो देहा वलसन की ओर पिकअप (HP71A-7323) में सेब ढुलाई के लिए जा रहे थे। तीनों जवडोऊ गांव से एक साथ पिकअप में सवार होकर रवाना हुए।

जब पिकअप बगनल नामक स्थान पर पहुंची, तो अचानक वाहन के ब्रेक नहीं लगे। ब्रेक फेल होने के कारण चालक रोहित गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। इस हादसे में जय पाल, मनोज और चालक रोहित तीनों को काफी चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना शिलाई की टीम ने शिकायतकर्ता जय पाल के बयानों के आधार पर पिकअप चालक रोहित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।