नाहन : सामाजिक संस्था ‘श्री राम नवयुवक मंडल, रामा’ के नए चुनावों का आयोजन हाल ही में संपन्न हुआ। पूर्व कार्यकारिणी के दो वर्षों के सफल कार्यकाल के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंडल के सदस्यों ने सर्वसम्मति से नई टीम का चयन किया है। इस चुनाव प्रक्रिया में मंडल के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आपसी सहयोग से नई जिम्मेदारियां सौंपीं।
नई कार्यकारिणी में तनुज रमौल को सर्वसम्मति से मंडल का प्रधान चुना गया है। उनके साथ द्रिज रमौल को उप-प्रधान, गोविंद रमौल को कोषाध्यक्ष, विभोर रमौल को सचिव और उमेश को सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई टीम के चयन के बाद मंडल के सदस्यों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

पूर्व प्रधान सतीश रमौल ने बताया कि मंडल पिछले कई वर्षों से सामाजिक और धार्मिक कार्यों में अग्रणी रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी पूर्व में किए गए कार्यों को और अधिक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएगी। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं की यह टीम धर्म और समाज के कार्यों में नई ऊंचाइयों को छुएगी।
मंडल के सभी सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके नए दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। नवनिर्वाचित प्रधान तनुज रमौल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंडल की गरिमा को बनाए रखना और समाज सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी।