श्री रेणुकाजी मेले के उद्घाटन के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को न्योता, 19 नवंबर से होगा आगाज

Photo of author

By Hills Post

शिमला: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन ‘अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला-2026’ के विधिवत शुभारंभ के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक व विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार और सिरमौर की उपायुक्त एवं बोर्ड की उपाध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने शिमला में उनसे खास मुलाकात कर यह न्योता सौंपा।

इस मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री को सिरमौर जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रतीक इस अंतरराष्ट्रीय मेले के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। आमंत्रण स्वीकार करते हुए उपमुख्यमंत्री ने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी जिला वासियों को अपनी शुभकामनाएं भी दीं।

भगवान परशुराम और माता रेणुका के मिलन का प्रतीक

अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला इस बार 19 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक श्री रेणुका जी में आयोजित किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक मेला भगवान परशुराम और उनकी माता रेणुका के पवित्र मिलन का प्रतीक माना जाता है। सदियों से चला आ रहा यह आयोजन हिमाचल प्रदेश की गहरी लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत और अटूट धार्मिक आस्था की एक खूबसूरत झलक पेश करता है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।