सराहां: कांगर धरयार स्कूल में अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज़, खो-खो में मेजबान टीम ने मारी बाज़ी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के शिक्षा खंड सराहां के अंतर्गत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगर धरयार में वीरवार को अंडर-14 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ धूमधाम से हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 155 छात्र खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर बाग पशोग पंचायत के प्रधान रजनीश शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रजनीश शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मैदान में उतरने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि रजनीश शर्मा ने विद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अपनी ओर से ₹11,000 की प्रोत्साहन राशि भेंट की। प्रतियोगिता के पहले दिन सभी प्रतिभागी छात्र खिलाड़ियों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) की अध्यक्ष रीना वशिष्ठ की ओर से की गई।

प्रतियोगिता के पहले दिन का मुख्य आकर्षण खो-खो का फाइनल मुकाबला रहा, जो बेहद रोमांचक देखने को मिला। इसमें कांगर धरयार स्कूल की टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए मेंहदो बाग स्कूल की टीम को पराजित किया और फाइनल ट्रॉफी पर अपना कब्ज़ा जमाया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज शर्मा, समस्त शिक्षक व गैर-शिक्षक स्टाफ तथा एसएमसी अध्यक्ष रीना वशिष्ठ सहित समिति के अन्य सदस्य और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।