नाहन : उपमंडल सराहां में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक 35 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कमल गौतम (35) के रूप में हुई है, जो पेशे से बिजली का काम (इलेक्ट्रीशियन) करता था। यह हादसा युवक के घर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित तालाब में घटित हुआ, जिससे पूरे सराहां में मातम पसरा हुआ है। कमल अविवाहित था और बिजली का काम करके अपने परिवार का हाथ बटाता था।
जानकारी के अनुसार, कमल गुरुवार रात करीब 10:00 बजे अपने घर से निकला था। काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन कमल ने फोन नहीं उठाया। कुछ समय बाद उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई। शुक्रवार सुबह तक जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उसके पिता ने पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जब आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, तो कमल रात के समय तालाब के पास घूमता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस को बताया कि सुबह करीब 4:00 बजे तालाब की ओर से पानी में कुछ जोर से गिरने की आवाज आई थी। इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाशी अभियान शुरू किया। सर्च ऑपरेशन के दौरान जब गोता लगाकर तालाब की गहराई में ढूंढा गया, तो कमल का शव तालाब के नीचे जमी गाद (कीचड़) में फंसा हुआ मिला।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने घटना कि पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया है।शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले में आगमी जांच जारी है।