सिरमौर: कामगारों के लिए वरदान बनी विवाह योजना, 103 परिवारों को मिले 52 लाख

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश सरकार प्रदेश के कामगारों के कल्याण और उनके परिवारों की सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से जिला सिरमौर में पंजीकृत कामगारों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

बोर्ड द्वारा संचालित विवाह सहायता योजना के तहत पात्र कामगारों को स्वयं तथा उनके अधिकतम दो बच्चों के विवाह के लिए 51 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य कामगार परिवारों को विवाह के अवसर पर आर्थिक सहयोग प्रदान कर उनके वित्तीय बोझ को कम करना है।

जिला सिरमौर में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक 103 पात्र कामगारों को इस योजना का लाभ प्रदान किया गया है, जिस पर 52 लाख 53 हजार रुपये की राशि व्यय की जा चुकी है। योजना से लाभान्वित कामगारों ने प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है।

इसी कड़ी में जिला सिरमौर के नाहन मंडल स्थित ग्राम पंचायत बनेठी के बाबू राम ने बताया कि उन्हें अपनी बेटी के विवाह के लिए श्रम कल्याण बोर्ड की ओर से 51 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने अपनी बेटी की शादी के खर्च में किया, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से काफी मदद मिली। बाबू राम ने इस सहायता के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा कामगारों के हित में चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही हैं।

इसी प्रकार ग्राम नेहली धीड़ा, तहसील नाहन के टिका राम शर्मा ने बताया कि उन्हें अपनी बेटी के विवाह के लिए श्रम कल्याण बोर्ड की ओर से 51 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग उन्होंने बेटी के विवाह के खर्च में किया, जिससे उन्हें आर्थिक सहयोग मिला और विवाह के खर्च का बोझ कम हुआ। उन्होंने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा श्रम कल्याण बोर्ड का आभार व्यक्त किया।

इन लाभार्थियों की कहानी यह दर्शाती है कि प्रदेश सरकार द्वारा कामगारों के हित में संचालित कल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं। विवाह सहायता जैसी योजनाओं के माध्यम से सरकार कामगार परिवारों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनके जीवन में आर्थिक स्थिरता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।