सिरमौर की पूजा ठाकुर ने “ग्लैमर आइकॉन ऑफ इंडिया 2025” में शो स्टॉपर बनकर बिखेरा जलवा

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर की बेटी पूजा ठाकुर आज फैशन और मनोरंजन की दुनिया में अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं। पूजा ने हाल ही में “मिस सिरमौर” और “मिस शान ए हिमाचल 2024” का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्हें “मिस इंडिया नेक्स्ट फैशन मॉडल 2025” के लिए चुना गया है।

पूजा ठाकुर ने हाल ही में “ग्लैमर आइकॉन ऑफ इंडिया 2025” में बतौर शो स्टॉपर मंच पर एंट्री की। यह भव्य शो 5 अक्टूबर को पालमपुर में आयोजित हुआ, जिसका आयोजन वर्सेटाइल जागज एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया था। शो स्टॉपर की भूमिका निभाना किसी भी मॉडल के लिए सम्मान की बात होती है और पूजा ने अपने आत्मविश्वास और अदाओं से पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

ग्लैमर आइकॉन ऑफ इंडिया

पूजा ने इससे पहले दिल्ली 6 फैशन रनवे वीक में भाग लिया था, जिसे आर एंड पी एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन ने आयोजित किया था। यहाँ उनकी रनवे प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके साथ ही उन्होंने मशहूर डिज़ाइनर राहिल रज़ा के साथ आइकॉनिक फैशन रनवे वीक दिल्ली में भी अपनी छाप छोड़ी। इस शो का आयोजन ऋधि मगला जुनेजा ने किया था। पूजा की आत्मविश्वासी चाल और प्रोफेशनल अंदाज़ ने उन्हें शो का आकर्षण बना दिया।

फैशन की दुनिया में नाम कमाने के साथ-साथ पूजा ठाकुर संगीत की दुनिया में भी सक्रिय हैं। उन्होंने हिमाचली गानों “धमाका नाटी का” और “बचपन का प्यार” में काम किया, जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया।

उनका अगला प्रोजेक्ट एक भोजपुरी गीत है, जो जल्द ही रिलीज़ होने वाला है। इस गाने के जरिए वे भोजपुरी इंडस्ट्री में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाली हैं।

पूजा ठाकुर का कहना है कि उनकी सफलता के पीछे मेहनत, आत्मविश्वास और परिवार का सहयोग है। वे मानती हैं कि हर लड़की को अपने सपनों का पीछा करना चाहिए और लगातार मेहनत करनी चाहिए।

आज पूजा ठाकुर न केवल हिमाचल बल्कि पूरे देश में अपनी पहचान बना रही हैं। चाहे फैशन शो हों, संगीत वीडियो या बड़े मंचों की रौनक—पूजा हर जगह अपनी प्रतिभा से छाप छोड़ रही हैं। उनके प्रशंसक बेसब्री से उनके अगले प्रोजेक्ट्स का इंतजार कर रहे हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।