सिरमौर ने खोया एक समर्पित चिकित्सक: पूर्व सीएमओ डॉ. यशवंत सिंह चौहान का आकस्मिक निधन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) एवं नाहन मेडिकल कॉलेज के पूर्व चिकित्सा अधीक्षक रहे डॉ. यशवंत सिंह चौहान (65) के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनके आकस्मिक निधन से न केवल जिला सिरमौर बल्कि पूरे प्रदेश के चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। वे अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पित सेवा के लिए जाने जाते थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. यशवंत सिंह चौहान को आज सुबह अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए चंडीगढ़ स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही उनके शुभचिंतकों, सहकर्मियों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर फैल गई।

मूल रूप से राजगढ़ क्षेत्र के रहने वाले डॉ. चौहान ने अपने लंबे चिकित्सकीय सेवाकाल में जिला सिरमौर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान की। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी के रूप में कार्य करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा नाहन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा अधीक्षक के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दीं और संस्थान के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया।

डॉ. यशवंत सिंह चौहान अपने पीछे पत्नी, दो बेटे, दो भाई तथा भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शोक संतप्त परिवार के प्रति विभिन्न सामाजिक, चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक वर्गों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।

जिले के कई वरिष्ठ चिकित्सकों, कर्मचारियों और गणमान्य लोगों ने डॉ. चौहान के निधन को स्वास्थ्य विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उनका जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित रहा। वे मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोगी व्यवहार के लिए हमेशा याद किए जाएंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।