सिरमौर में बोर्ड परीक्षाओं में सामूहिक नकल का बड़ा आरोप; शिक्षा बोर्ड को भेजी गई शिकायत

नाहन : जिला सिरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (GSSS) चाड़ना में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के बीच ‘सामूहिक नकल’ के आरोपों ने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है। जहाँ एक सामाजिक कार्यकर्ता ने लिखित शिकायत के जरिए परीक्षा केंद्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं, वहीं स्कूल प्रबंधन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे संस्थान की छवि खराब करने की कोशिश करार दिया है।

सामाजिक कार्यकर्ता वीर सिंह द्वारा स्कूल शिक्षा बोर्ड को भेजी गई शिकायत में दावा किया गया है कि केंद्र संख्या 3919 में नियमों को ताक पर रखकर नकल करवाई जा रही है। आरोप है कि सुपरिटेंडेंट ने अपनी टेबल जानबूझकर CCTV की रेंज से बाहर रखी ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र न रहे। 5 मार्च को 12वीं के अंग्रेजी पेपर के दौरान कथित रूप से 3 घंटे तक बिजली गुल रही, जिसका फायदा नकल के लिए उठाए जाने की आशंका जताई गई है। नियमों के विरुद्ध चहेते स्टाफ को ड्यूटी पर लगाने और परीक्षा के दौरान स्थानीय शिक्षकों को ही इनविजिलेटर बनाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

इन आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए परीक्षा केंद्र की कोर्डिनेटर और केंद्र अधीक्षक विजय कुमार ने कहा कि सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा पूरी तरह नियमों के तहत हो रही है और CCTV का रिकॉर्ड इसकी पुष्टि कर सकता है।

शून्य प्रतिशत परिणाम का कारण स्टाफ (TGT नॉन-मेडिकल) की कमी थी, जिसका स्पष्टीकरण विभाग को पहले ही दिया जा चुका है। शिकायतकर्ता का स्कूल प्रबंधन से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है और यह केवल संस्थान को बदनाम करने का प्रयास है।

इस पूरे विवाद के बीच शिक्षा विभाग अब पूरी तरह सतर्क है। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर ने बताया कि विभाग परीक्षाओं को लेकर बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि “विभाग द्वारा गठित टीमें रोज़ाना विभिन्न केंद्रों की औचक निरक्षण कर रही हैं। चाड़ना स्कूल से जुड़े इस मामले की गहराई से जांच की जाएगी। जल्द ही तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ताकि बोर्ड परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनी रहे।”

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।