सिरमौर में शिकार का खूनी खेल: 12 किलो काकड़ का मांस और बंदूक बरामद, आरोपी गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत अजोली के किशनकोट गांव में वन विभाग की टीम ने वन्यजीव शिकार के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक व्यक्ति को ‘काकड़’ (Northern Red Muntjac) के मांस और अवैध हथियारों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी को वन विभाग को सूचना मिली थी कि किशनकोट निवासी दर्शन लाल ने कुकड़ों के जंगलों में एक जंगली जानवर का शिकार किया है और वह घर पर उसका मांस बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही वन मंडल पांवटा साहिब के एसीएफ (ACF) आदित्य शर्मा और रेंज अधिकारी सुरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम ने आरोपी दर्शन लाल के परिसर से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामान बरामद किया। आरोपी ने करीब 12 किलोग्राम काकड़ का मांस घास के पत्तों के नीचे छिपा रखा था। मौके से मांस तोलने के लिए एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक डबल बैरल राइफल, जिंदा कारतूस, छुरे और मांस काटने वाले हथियार भी बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी खेतीबाड़ी लाइसेंस वाली बंदूक का इस्तेमाल जंगली जानवरों के शिकार के लिए कर रहा था और पकड़े जाने के वक्त वह मांस के टुकड़े कर उसे बेचने की तैयारी में था।

वन विभाग के एसीएफ (ACF) आदित्य शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं, के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। चूंकि काकड़ अनुसूची-1 की एक संरक्षित प्रजाति है, इसलिए यह अपराध अत्यंत गंभीर श्रेणी में आता है। विभाग ने सभी साक्ष्यों और हथियारों को अपने कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में एसीएफ आदित्य शर्मा, रेंज अधिकारी सुरेंद्र शर्मा, बीओ इंदर ठाकुर सहित मुदस्सिर, सुरजीत सिंह, अनिल कुमार, कैलाश, दर्शन चंद, पवन सिंह, संदीप शर्मा, रत्न शर्मा, रणबीर सिंह, मनीषा और जसप्रीत कौर जैसे कर्मचारी शामिल रहे। आरोपी को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। विभाग अब इस मामले के अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रहा है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।