सिरमौर: विरासत के चक्कर में उजाड़ दिया सरकारी पार्क, जेसीबी-ट्रैक्टर समेत आरोपी काबू

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन :सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में नगर परिषद के वार्ड नंबर-1 फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित सरकारी पार्क को जेसीबी से तहस-नहस करने और सामान चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गुरदीप सिंह (निवासी वार्ड-3, बद्रीपुर) और उसके सहयोगी जयदीप सिंह (निवासी वार्ड-1) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर भी कब्जे में ले लिए हैं।

मामला पिछले साल 23 अक्टूबर 2025 का है। नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता (JE) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित पार्क में कुछ शरारती तत्वों ने जेसीबी चलाकर पार्क की चारदीवारी, रास्ता और टिन शेड को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। आरोपी न केवल तोड़फोड़ की, बल्कि पार्क में लगा सरकारी सामान भी चोरी कर ले गए। इस शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि जिस भूमि पर पार्क बना था, उसके मूल मालिक की मृत्यु के बाद उसके वारिस गुरदीप सिंह ने बिना किसी कानूनी आदेश या अदालत की प्रक्रिया के ही पार्क को हटाने की साजिश रची। उसने अपने साथी जयदीप के साथ मिलकर कानून हाथ में लिया और सरकारी संपत्ति को जमींदोज कर दिया।

पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपियों की संलिप्तता स्पष्ट हुई। पर्याप्त सबूत जुटाने के बाद 2 फरवरी को पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस अब उस चोरी हुए सामान की तलाश कर रही है जिसे पार्क से उखाड़ा गया था।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि “सरकारी संपत्ति सार्वजनिक हित के लिए होती है और इसे नुकसान पहुँचाना एक गंभीर और गैर-जमानती अपराध है। पांवटा साहिब मामले में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की यह सख्त कार्रवाई उन सभी के लिए एक स्पष्ट संदेश है जो कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करते हैं। भविष्य में भी सरकारी संपत्ति को क्षति पहुँचाने वालों के खिलाफ इसी प्रकार का कड़ा रुख अपनाया जाएगा।”

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।