सोलन: NCC की पीपिंग सेरेमनी में अफसरों को मिले नए रैंक, अल्पा मलिक बनीं फर्स्ट ऑफिसर

Photo of author

By Hills Post

सोलन: 1 HP गर्ल्स बटालियन NCC सोलन के कार्यालय में सोमवार का दिन बेहद खास रहा। यहां आयोजित ‘पीपिंग सेरेमनी’ में बेहतरीन काम करने वाले एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (एएनओ) को पदोन्नति देकर सम्मानित किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में अफसरों के कंधों पर नए रैंक लगाए गए, जो उनकी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का सम्मान है।

समारोह का मुख्य आकर्षण सेकंड ऑफिसर अल्पा मलिक की पदोन्नति रही। उन्हें अब फर्स्ट ऑफिसर के रैंक पर प्रमोट किया गया है। अल्पा मलिक एनसीसी की गतिविधियों को बढ़ावा देने में लगातार सक्रिय रही हैं। इसी के चलते हाल ही में उन्हें डायरेक्टर जनरल की ओर से प्रशंसा पत्र भी मिला था। यह प्रमोशन उनकी इसी मेहनत का नतीजा है।

अल्पा मलिक के अलावा कई अन्य एएनओ को भी उनके काम के आधार पर प्रमोट किया गया है। थर्ड ऑफिसर के पद पर तैनात कृष्णा मेहता, पूनम कुमारी, सुरेश लता, शारदा देवी, सुमन शर्मा, बनिता देवी और निशा वर्मा को अब सेकंड ऑफिसर बना दिया गया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विवेक भटारा ने की। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी मेजर तरुणा भी मौजूद रहीं। कर्नल भटारा ने सभी पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि कैडेट्स के अंदर अनुशासन, लीडरशिप और देशभक्ति की भावना जगाने में एएनओ की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने सभी से भविष्य में भी इसी जोश और ईमानदारी के साथ काम करने की अपील की।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।