सोलन: एससीईआरटी (SCERT) सोलन द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा में राजकीय माध्यमिक पाठशाला धरोट के छात्र कुशाग्र वर्मा ने जिलाभर में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कुशाग्र की इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनके स्कूल, बल्कि पूरे क्षेत्र और परिवार में खुशी की लहर है।

कुशाग्र की माता दीपिका ने बताया कि वह बचपन से ही पढ़ाई के प्रति बेहद गंभीर और होनहार रहा है। कुशाग्र ने मिडल स्कूल धरोट से अपनी आठवीं कक्षा की पढ़ाई पूरी करने के दौरान यह परीक्षा दी थी। वर्तमान में उन्होंने आगामी शिक्षा के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुग्गाघाट में नौवीं कक्षा में प्रवेश लिया है। कुशाग्र की छोटी बहन आस्था वर्मा भी अभी धरोट स्कूल में ही सातवीं कक्षा की छात्रा है।
कुशाग्र की सफलता पर उनके पिता विकास वर्मा और माता दीपिका ने गहरा संतोष व्यक्त किया है। धरोट स्कूल में कुशाग्र की शिक्षिका रहीं सरस्वती शर्मा और पूनम शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुशाग्र ने पूरी मेहनत और लगन से जिला सोलन की मेरिट सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। शिक्षिका सरस्वती शर्मा ने कहा कि यह विद्यालय के लिए गौरव का विषय है और कुशाग्र की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप एक राष्ट्रीय स्तर की योजना है, जिसके तहत मेधावी छात्रों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना कुशाग्र की कठिन मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का प्रमाण है।