सोलन: जिला के परवाणू क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस चौकी जाबली की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रेलवे फाटक के समीप दो युवकों को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार 9 मार्च को जाबली पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि रेलवे फाटक के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के कब्जे से 13.87 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
पुलिस ने मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि पकड़े गए आरोपी यह नशा कहाँ से लाए थे और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है ताकि इस काले कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।