सोलन: हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने सोलन उपमंडल की ग्राम पंचायत जौणाजी में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस महत्वपूर्ण जन-संपर्क कार्यक्रम में जौणाजी, कोटला मशीवर, सेर बनेड़ा, पड़ग, सलोगड़ा, धरोट, बसाल, शमरोड़ और नगर निगम सोलन क्षेत्र के लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के समक्ष रखीं।

डॉ. शांडिल ने कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनके घर पर ही सभी सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाना है। राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रत्येक नागरिक तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रदेश भर के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से लगभग 3,300 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं।
समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक क्षणिक सुख है, जो इंसान के पूरे भविष्य को अंधकार में धकेल देता है। उन्होंने स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए सभी स्थानीय नागरिकों से इस सामाजिक बुराई के खिलाफ सरकार का सहायक बनने की विशेष अपील की।
कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा कदम उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने ‘हिमाचल प्रदेश चकोता स्कीम 2015’ के तहत क्षेत्र के तीन लाभार्थियों को 5-5 बीघा भूमि का मालिकाना हक प्रमाण पत्र प्रदान किया। इनमें गांव चाचड़ के धर्मदास, गांव घरोग के नरेश कुमार और गांव शेर चिराग के नानक चंद शामिल हैं।
कार्यक्रम में लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत बोर्ड और राजस्व विभाग से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं, जिन पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया गया।
इस सफल आयोजन में सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक तिरुमलाराजू एसडी वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन, एसडीएम डॉ. पूनम बसंल सहित जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चंद बरमानी और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।