सोलन: प्रोजेक्ट प्वाइंट उड़ीसा की हिमाचल यूनिट सोलन द्वारा मेरा युवा भारत (माई भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से सोलन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोज आंजी के परिसर में युवा कनेक्ट कार्यक्रम नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत राष्ट्रीय संकल्प समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह विशेष कार्यक्रम ‘नशा मुक्त युवा’ पहल के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी 100 सप्ताह के अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित किया गया।
इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति गंभीर रूप से जागरूक करना, उन्हें एक स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना तथा सामाजिक व राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में युवाओं की सार्थक सहभागिता को बढ़ावा देना था। इस प्रेरणादायक अवसर पर स्कूल के सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नशा न करने और समाज को नशामुक्त बनाने की दृढ़ प्रतीज्ञा ली।

स्कूल के प्रिंसिपल अशोक कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बच्चों को आगाह किया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार को तोड़ देता है। उन्होंने नशे की रोकथाम, एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर विशेष बल दिया।
प्रोजेक्ट प्वाइंट के हिमाचल समन्वयक यशपाल कपूर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के 100-सप्ताह के विशेष अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य युवाओं में जागरूकता, सहभागिता और स्वयंसेवा की भावना को मजबूत करना है, ताकि वे भविष्य में नशा मुक्त भारत और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपना अहम योगदान दे सकें।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर कल्पना परमार, राखी मेहरा, राधा सूद, विजय कुमारी, जया मैनी, मीना जिंटा, सतेंद्र कुमार, शैलेंद्र चौहान, लक्ष्य चंदेल, रमेश कुमार शर्मा, अंजना राणा, पल्लवी, विद्या, लक्ष्मी, चंद्रकला और दीपाली सहित कई शिक्षकगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।