सोलन: जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने सोलन शहर के एक होटल में चल रहे नशे के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने होटल के एक कमरे से तीन युवकों को भारी मात्रा में चिट्टे (हेरोइन) और प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ दबोचा है।

जानकारी के अनुसार, SIU टीम को सटीक सूचना मिली थी कि शहर के एक होटल में कुछ युवक नशीले पदार्थों के साथ ठहरे हुए हैं। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल के कमरा नंबर 06 में दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद तीन युवकों के कब्जे से 6.96 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 30 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गई।
पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान सूरज (27 वर्ष) निवासी गांव डरोग, कुमारसेन शिमला, वैभव शाण्डिल (20 वर्ष) निवासी गांव कोट, कंडाघाट सोलन, हर्ष दिलटा (27 वर्ष) निवासी गांव जड़ग, कंडाघाट सोलन के रूप में हुई है।
इस मामले में पुलिस थाना सदर सोलन में मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS Act) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई तक जाने के लिए निम्नलिखित पहलुओं पर जांच कर रही है। तीनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहाँ से पुलिस उनका रिमांड हासिल करेगी।
पुलिस पूछताछ के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह नशा कहाँ से लाए थे और सोलन में किसे सप्लाई करने वाले थे। आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है ताकि उनके पिछले संपर्कों का पता चल सके।
जिला पुलिस सोलन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि होटल, होमस्टे या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नशे की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जाएगी। मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।