सोलन कॉलेज के छात्रों ने सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव में टॉप-5 में बनाई जगह

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (HIPA) में आयोजित सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव में राजकीय महाविद्यालय सोलन के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। परिवहन विभाग के रोड सेफ्टी सेल द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कॉलेज के छात्रों की शॉर्ट फिल्मों को देशभर की प्रविष्टियों के बीच टॉप-5 में चुना गया।

प्रतियोगिता के 18–25 आयु वर्ग में राजकीय महाविद्यालय सोलन के छात्र अजय जायसवाल की शॉर्ट फिल्म “Life and Song” ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार जीता। इसी श्रेणी में महाविद्यालय के पूर्व छात्र प्रज्वल ने भी अपनी फिल्म “Two Fates” के लिए पुरस्कार हासिल किया। इन फिल्मों के माध्यम से छात्रों ने सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर विषय को बेहद प्रभावशाली ढंग से पर्दे पर उतारा।

विजेता छात्रों को हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रशस्ति पत्र और पाँच–पाँच हज़ार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। इस महोत्सव में देशभर से प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा जागरूकता पर आधारित अपनी फिल्में भेजी थीं, जिनमें सोलन के इन युवाओं का चयन होना गौरव की बात है।

राजकीय महाविद्यालय सोलन के रोड सेफ्टी क्लब के संयोजक डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि इन फिल्मों की सफलता में क्लब के अन्य सदस्यों का भी अहम योगदान रहा। फिल्म निर्माण और अभिनय में आयुष, आर्यन, निकिता शर्मा और साहिल ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

छात्रों की इस बड़ी उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मनीषा कोहली ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने विजेता छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी सामाजिक सरोकारों से जुड़ने और रचनात्मक कार्यों के जरिए समाज में बदलाव लाने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने युवाओं से भविष्य में भी इसी तरह की जागरूकता मुहिमों का हिस्सा बनने का आह्वान किया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।