सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन के रसायन विज्ञान के 46 विद्यार्थियों ने आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों एवं उन्नत रासायनिक विश्लेषण तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से शूलिनी विश्वविद्यालय, सोलन का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। यह ज्ञानवर्धक भ्रमण रसायन विभाग के केमिस्ट्री क्लब ‘लावॉज़ियर’ के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से आयोजित किया गया था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के साथ महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. नीना, जितेंद्र ठाकुर तथा डॉ. रमेश कुमार भी उपस्थित रहे। शूलिनी विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को यूवी-विजिबल स्पेक्ट्रोफोटोमीटर, FTIR, गैस क्रोमैटोग्राफी, HPLC तथा AAS जैसे अत्याधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन किया गया और उन्हें इनका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को इन सभी उपकरणों के कार्य करने के सिद्धांतों, उनके संचालन की प्रक्रियाओं और उनसे प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस विशेष प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को अपनी कक्षाओं के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक प्रयोगशाला और अनुसंधान कार्यों से जोड़ने का बेहतरीन अवसर मिला, जिससे रसायन विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान के प्रति उनकी रुचि में भी काफी वृद्धि हुई है। इसके अलावा, भ्रमण के दौरान महाविद्यालय के शिक्षकों ने शूलिनी विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. पी.के. खोसला के साथ दोनों संस्थानों के बीच संभावित अनुसंधान सहयोग, ज्ञान के आदान-प्रदान और भविष्य की शैक्षणिक साझेदारी को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा भी की। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को बेहद ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और उपयोगी बताया।